

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ramgopal agrawal ed raid dhamtari liquor coal levy money laundering case
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला, कोल लेवी वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। ED की एक टीम ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित निवास पर सर्च अभियान शुरू किया है।
जानकारी के मुताबिक ED के करीब 8 अधिकारी-कर्मचारियों की टीम सुबह धमतरी पहुंची और सिहावा रोड स्थित रामगोपाल अग्रवाल के घर पर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। CRPF के जवानों को घर के बाहर तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि ED की यह कार्रवाई शराब घोटाले, कोल लेवी वसूली और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। जांच टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, सर्च के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि रामगोपाल अग्रवाल इस मामले में पहले भी EOW और ED की कार्रवाई के दायरे में आ चुके हैं और रिमांड पर हैं। ऐसे में उनके धमतरी स्थित आवास पर ED की ताजा सर्च कार्रवाई को मामले की जांच में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ED की टीम की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच के दौरान किन दस्तावेजों या अन्य सामग्री को जब्त किया गया है और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल ED की टीम सिहावा रोड स्थित आवास पर जांच में जुटी हुई है और कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।