

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

rcb vs mi raipur match mticket system entry guide
रायपुर | 10 मई को शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मैच के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को डिजिटल कवच से लैस कर दिया गया है। इस बार प्रशासन और आयोजकों का मुख्य फोकस टिकटों की कालाबाजारी रोकने और दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर है।
टिकटों की धांधली रोकने के लिए पहली बार 'M-Ticket' सिस्टम पेश किया गया है। अब दर्शकों को कोई फिजिकल टिकट लेकर घूमने की जरूरत नहीं होगी। यह पूरी तरह से डिजिटल होगा और इसके नियम काफी सख्त रखे गए हैं।
टिकट को व्हाट्सएप, ईमेल या स्क्रीनशॉट के जरिए फॉरवर्ड नहीं किया जा सकेगा। टिकट को केवल एक बार ऐप के जरिए ट्रांसफर किया जा सकता है, जिसके बाद वह लॉक हो जाएगा। गेट पर क्यूआर कोड स्कैन होते ही वह 'Used' मार्क हो जाएगा। स्टेडियम से बाहर निकलने पर दोबारा एंट्री नहीं मिलेगी।
दर्शकों की सुविधा के लिए आरसीबी ऐप में 3D स्टैंड और मैप की सुविधा दी गई है। इसमें पार्किंग, सीढ़ियां, मेडिकल सेंटर और एम्बुलेंस की सटीक जानकारी होगी। इस बार 'पहले आओ-पहले पाओ' वाला सिस्टम नहीं होगा। आपकी सीट पहले से रिजर्व रहेगी, यानी देर से पहुंचने पर भी आपकी जगह सुरक्षित रहेगी।
मैच के दिन परेशानी से बचने के लिए दर्शकों को इन चरणों का पालन करना होगा। सबसे पहले आरसीबी (RCB) का आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें।
टिकट खरीदते समय उपयोग किए गए मोबाइल नंबर से लॉग-इन करें और ओटीपी दर्ज करें। ऐप में आपकी टिकट की जानकारी दिखने लगेगी, लेकिन क्यूआर कोड तुरंत नहीं दिखेगा। सुरक्षा कारणों से क्यूआर कोड केवल मैच वाले दिन (गेट खुलने के समय) ही ऐप में जनरेट होगा।
अक्सर बड़े आयोजनों में नेटवर्क जाम की समस्या होती है, लेकिन इस बार आयोजकों ने स्टेडियम में विशेष इंटरनेट व्यवस्था की है। इससे दर्शकों को ऐप खोलने और क्यूआर कोड स्कैन करवाने में कोई तकनीकी दिक्कत नहीं आएगी।