

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

sakti-teacher-murder-accused-suicide-teeman-lal
रायपुर: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जैजैपुर क्षेत्र में हुए चर्चित दिव्यांग शिक्षक हत्याकांड में एक सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। जिस आरोपी टीमन लाल मनहर की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही थी, उसने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शिक्षक की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी फरार था, लेकिन अब उसका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।

क्या है पूरा मामला?
18 मार्च को ग्राम जर्वे निवासी दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज (42) की कुल्हाड़ी से वार कर नृशंस हत्या कर दी गई थी। देवानंद भारद्वाज ग्राम पिहरीद के शासकीय स्कूल में पदस्थ थे और दोनों पैरों से दिव्यांग होने के कारण ट्राइसाइकिल का उपयोग करते थे। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शिक्षक के शव और उनकी ट्राइसाइकिल को आग के हवाले कर दिया था।
7 लाख का विवाद बना मौत का कारण
पुलिस जांच में हत्या की वजह जमीन का सौदा और पैसों का लेनदेन सामने आया है। शिक्षक देवानंद ने आरोपी टीमन लाल से 7 लाख रुपये में जमीन खरीदने का सौदा किया था। टीचर ने पूरे पैसे दे दिए थे, लेकिन जम्मू-कश्मीर के ईंट भट्ठे में काम करने वाले आरोपी टीमन ने न तो जमीन की रजिस्ट्री की और न ही पैसे वापस लौटाए। 19 मार्च की शाम करीब 5 बजे एक पान दुकान के पास दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। देवानंद ने अपने पैसे वापस मांगे, जिससे आरोपी आक्रोशित हो गया।

विवाद के बाद जब दिव्यांग शिक्षक अपने घर लौट रहे थे, तभी सूनसान रास्ते में आरोपी टीमन लाल कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा। उसने दिव्यांग शिक्षक के गले और सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपी ने शव को ट्राइसाइकिल समेत जलाने की कोशिश भी की थी।
वारदात के बाद से ही पुलिस की कई टीमें टीमन लाल की तलाश में छापेमारी कर रही थीं। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की बढ़ती दबिश और गिरफ्तारी के डर से आरोपी ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या, दोनों ही पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची है। आरोपी ने शव को जलाने के लिए किस ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग किया था, इसकी वैज्ञानिक जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इस वारदात या आरोपी को छिपाने में किसी और का हाथ तो नहीं था।