

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

sakti train accident free fire game death
रायपुर: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सकरेलीभाटा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे 14 वर्षीय किशोर की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल किशोर को बेहतर इलाज के लिए चांपा अस्पताल रेफर किया गया है।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के अनुसार, ग्राम सकरेलीभाटा निवासी टिकेश (पिता श्रवण साहू) और 14 वर्षीय नवीन (पिता नामप्रकाश खांडे) मंगलवार रात करीब आठ बजे रेल पटरी पर बैठकर अपने मोबाइल में 'फ्री फायर' गेम खेल रहे थे। दोनों ने कानों में इयरफोन लगा रखा था और वे गेम खेलने में इतने ज्यादा व्यस्त थे कि उन्हें पटरी पर आती हुई मालगाड़ी की भनक तक नहीं लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब तक मालगाड़ी की आहट मिली, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों वहां से हट नहीं सके। इसी दौरान बाराद्वार की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से टिकेश साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसका साथी नवीन खांडे गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
बाल-बाल बचे अन्य दोस्त
स्थानीय लोगों ने बताया कि आसपास की बस्तियों के कई बच्चे अक्सर रेल पटरी पर बैठकर गेम खेला करते हैं। इस हादसे से करीब 15 मिनट पहले टिकेश और नवीन के दो अन्य दोस्त भी वहीं पटरी के पास बैठकर गेम खेल रहे थे, लेकिन गनीमत यह रही कि वे दुर्घटना से ठीक पहले गणेश पंडाल जाने के लिए वहां से उठकर चले गए थे, जिससे उनकी जान बच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मृतक टिकेश साहू के शव का पोस्टमॉर्टम कराया और फिर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। वहीं, घायल नवीन को पहले बाराद्वार अस्पताल ले जाया गया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे चांपा रेफर कर दिया गया।