

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

sakti-vedanta-power-plant-boiler-blast-9-workers-dead
रायपुर। सक्ती जिले में मंगलवार दोपहर बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। डभरा थाना क्षेत्र स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट होने से 9 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस घटना की पुष्टि एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने की है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल 18 मजदूरों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 6 और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। बाकी 12 घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। कई मजदूर 80 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।
अन्य घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रायगढ़ के मेट्रो हॉस्पिटल में 3 मजदूरों का इलाज जारी है, जबकि 2 को अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। वहीं 6 घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद प्लांट के बाहर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है और कुछ मजदूर अब भी लापता हैं। वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि घटना के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया के जरिए पीड़ितों को उचित मुआवजा और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और राहत-बचाव कार्य जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।