

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

saurabh chandrakar cbi remand ends ed court hearing raipur
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज (12 नवंबर) आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। दिल्ली में पूछताछ के बाद CBI की टीम उसे फ्लाइट से रायपुर लेकर पहुंचेगी। इस पेशी पर CBI और ED दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।
आज की सुनवाई में सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि CBI सौरभ से आगे पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं। अगर CBI आगे की रिमांड नहीं मांगती है, तो ED अपने वारंट को लागू कराने के लिए कोर्ट में नया आवेदन पेश कर सकती है। इससे सौरभ से पूछताछ की जिम्मेदारी ED के पास भी जा सकती है।
पहले ED के आवेदन को कोर्ट ने बताया था प्रीमैच्योर
सौरभ चंद्राकर की पिछली पेशी के दौरान ED ने कोर्ट में आवेदन देकर अपने गिरफ्तारी वारंट को एग्जीक्यूट कराने और उससे पूछताछ की अनुमति मांगी थी। हालांकि, उस समय CBI की कस्टोडियल रिमांड जारी थी।
ऐसे में कोर्ट ने ED के आवेदन को प्रीमैच्योर यानी समय से पहले दाखिल माना था। अब CBI की आठ दिन की रिमांड पूरी होने के बाद ED एक बार फिर आवेदन पेश करने की तैयारी में है। ऐसे में आज की सुनवाई में यह देखना अहम होगा कि कोर्ट ED की मांग पर क्या फैसला लेता है।
8 दिन की पूछताछ में CBI ने किन पहलुओं पर जुटाए सबूत?
CBI ने आठ दिनों की पूछताछ के दौरान सौरभ से महादेव ऐप के पूरे नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर सवाल किए हैं।
जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची। इस नेटवर्क में किन अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों की भूमिका थी और पैसे का लेनदेन किन माध्यमों से किया जाता था।
जांच का एक अहम पहलू कथित राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण भी है। एजेंसी इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों और पैसों के लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
दुबई से ओमान पहुंचा था सौरभ, रेड कॉर्नर नोटिस के बाद गिरफ्तारी
CBI के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच शुरू होने के बाद से ही सौरभ चंद्राकर फरार था। वह साल 2023 से दुबई में रह रहा था। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कथित तौर पर फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और UAE से ओमान पहुंच गया। 8 जुलाई 2026 को ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की।
भारत सरकार, इंटरपोल और ओमान के अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद उसके प्रत्यर्पण को मंजूरी मिली। इसके बाद CBI की टीम मस्कट पहुंची और 1 नवंबर को सौरभ को भारत लेकर आई।
फर्जी पासपोर्ट में लिखा था 'अजंता मेंडिस' नाम
सौरभ चंद्राकर के कथित फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, पासपोर्ट में उसकी तस्वीर थी, लेकिन नाम 'अजंता मेंडिस' लिखा था। यह नाम श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर अजन्ता मेंडिस से मिलता-जुलता है। पासपोर्ट में दर्ज जन्मतिथि भी उसके दूसरे दस्तावेजों से अलग बताई गई थी।
भारत आने से पहले जताया था जान का खतरा
ओमान में हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर ने भारत की जेल में अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उसने अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की थी।
उसका दावा था कि महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े प्रभावशाली लोग उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उसने जांच के दौरान सुरक्षा और बिना किसी दबाव के अपना पक्ष रखने का अवसर मांगा था।
सौरभ ने भारतीय जांच एजेंसियों को नेटवर्क के कथित राजनीतिक कनेक्शन, पैसों के लेनदेन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों की जानकारी देने की बात भी कही थी।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली FIR दर्ज हुई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। इस मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया।
CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। छत्तीसगढ़ सरकार ने जांच के लिए इससे जुड़ी 13 FIR CBI को सौंपी थीं। इनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। वहीं ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है।
अब आज की पेशी पर सबकी नजर है। क्या CBI सौरभ चंद्राकर की रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी या ED को उससे पूछताछ का मौका मिलेगा? साथ ही आठ दिनों की पूछताछ में सामने आए तथ्यों से महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े किन नए चेहरों के नाम सामने आते हैं, यह भी जांच का अहम हिस्सा होगा।