

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

su-30-mki-missing-assam-karbi-anglong-search
असम में भारतीय वायुसेना का एक सुखोई-30 MKI फाइटर जेट उड़ान के दौरान रडार से संपर्क टूटने के बाद लापता हो गया है। घटना के बाद से वायुसेना की टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक विमान असम के कार्बी आंगलोंग जिले के ऊपर सॉर्टी के दौरान अचानक रडार से गायब हो गया।
डिफेंस पीआरओ गुवाहाटी के अनुसार, मामले की जांच और विमान का पता लगाने के लिए एयरफोर्स की टीमें मौके पर भेजी गई हैं। फिलहाल इलाके में व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सुखोई-30 MKI फाइटर जेट ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही एयरक्राफ्ट का रडार से संपर्क टूट गया। इसके बाद से ही विमान को ट्रैक नहीं किया जा सका है।
घटना के बाद इलाके के स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि शाम ढलने के कुछ देर बाद पहाड़ियों की ओर से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ लोगों का कहना है कि धमाके के कुछ सेकंड बाद पहाड़ियों की दिशा में धुआं उठता भी देखा गया। हालांकि जिस इलाके से आवाज आने की बात कही जा रही है, वह आबादी से काफी दूर बताया जा रहा है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में विमान के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी तक भारतीय वायुसेना या रक्षा मंत्रालय की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और टीमों को मौके पर भेजा गया है।
सुखोई-30 MKI रूसी मूल का ट्विन-सीटर, ट्विन-इंजन मल्टीरोल फाइटर जेट है। यह विमान लगभग 8,000 किलोग्राम तक बाहरी हथियार ले जाने में सक्षम है और इसमें 30 मिमी की GSH गन भी लगी होती है। यह लड़ाकू विमान हवा से हवा और हवा से जमीन दोनों तरह के लक्ष्यों पर एक साथ हमला कर सकता है। इसकी मारक क्षमता लगभग 3,000 किलोमीटर तक बताई जाती है।