

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

sukma crpf explosive disposal blast 4 jawans injured
सुकमा। जिले में विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के दौरान बुधवार को एक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में CRPF के 4 अधिकारी और जवान घायल हो गए। इनमें दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो को सामान्य चोटें लगी हैं। सभी घायलों का इलाज कोन्टा के शासकीय अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को CRPF कोन्टा रेंज के अंतर्गत आने वाले अलग-अलग कैंपों का निरीक्षण किया जा रहा था। इन कैंपों में रखे ऐसे विस्फोटकों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) भेजी गई थी।
यह टीम पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु कैंप पहुंची थी। एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास विस्फोटकों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया चल रही थी।
अचानक हुआ ब्लास्ट
प्रेस नोट के मुताबिक, टीम सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों को नष्ट कर रही थी। इसी दौरान दुर्घटनावश एक विस्फोटक का अंश या बम उड़कर पास में जा गिरा और वहां ब्लास्ट हो गया। अचानक हुए इस विस्फोट की चपेट में सुरक्षा ड्यूटी और विनष्टीकरण की प्रक्रिया में शामिल चार अधिकारी-जवान आ गए।
हादसे में ATT टीम के ASI एम.के. तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं ATT टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें लगी हैं।
सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद चारों घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल, कोन्टा ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल घटना के बाद स्थिति नियंत्रण में है। विस्फोटकों के विनष्टीकरण के दौरान हादसा कैसे हुआ, इसे लेकर संबंधित टीम द्वारा आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है।