

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

surguja-newlywed-suicide-case-chhattisgarh
रायपुर। सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कोतवाली थाना क्षेत्र के केपी गांव में एक 18 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पूजा गिरी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज ढाई महीने पहले 19 वर्षीय मुकेश गिरी से हुई थी।
तबीयत खराब होने का बहाना बना पति को बुलाया
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम पूजा ने अपने पति मुकेश को फोन कर घर बुलाया और बताया कि उसकी तबीयत खराब है। मुकेश उस वक्त डांस सीखने गया था। पत्नी की बात सुनकर वह तुरंत घर पहुंचा और उसके लिए दवा भी लेकर आया।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार घर पहुंचने पर पूजा ने पति को गले लगाया और सामान्य व्यवहार किया। उस समय वह कथित तौर पर उल्टियां कर रही थी। अचानक, वह कमरे के अंदर गई और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया।
छप्पर तोड़कर अंदर घुसे परिजन
काफी देर तक जब पूजा ने दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर परिजन घर के छप्पर पर चढ़ गए। खपरैल हटाकर जब वे अंदर दाखिल हुए, तो पूजा साड़ी के फंदे से लटकती पाई गई। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पति मुकेश ने पुलिस को बताया कि पूजा अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाया करती थी। हालांकि, आत्महत्या के ठोस कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। राहत की बात यह है कि फिलहाल मायके पक्ष की ओर से किसी भी प्रकार की प्रताड़ना या संदिग्ध गतिविधि की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी।