

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpeg&w=3840&q=75)
surguja surajpur kabra elephant terror 17 schools closed
छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में जंगली हाथियों की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। छह महीने से आतंक का पर्याय बना हाथी 'कबरा' वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग की रेस्क्यू टीम लगातार दूसरे दिन भी अभियान में जुटी रही, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। वहीं, हाथियों के झुंड की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के 17 स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी अब तक 19 लोगों की जान ले चुका है। चौंकाने वाली बात यह है कि नवंबर महीने में ही वह 9 लोगों को मौत के घाट उतार चुका है। यही वजह है कि वन विभाग और स्थानीय प्रशासन उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
17 हाथियों के झुंड में शामिल हुआ कबरा
वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि कबरा अब 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है। ऐसे में उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। शुक्रवार रात सायर के जंगल में कबरा का झुंड के एक नर हाथी से काफी देर तक संघर्ष भी हुआ। दोनों हाथियों की चिंघाड़ जंगल में गूंजती रही। आखिरकार कबरा ने नर हाथी को झुंड से खदेड़ दिया और खुद अपनी जगह बना ली।
बिलासपुर से बुलाई गई विशेषज्ञों की टीम
कबरा को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम को भी मौके पर तैनात किया है। टीम हाथियों की गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रख रही है। हालांकि, झुंड में हाथियों की अधिक संख्या होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में लगातार मुश्किलें आ रही हैं।
17 स्कूलों में छुट्टी, ग्रामीणों में दहशत
हाथियों के झुंड की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के 17 स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रशासन की प्राथमिकता ग्रामीणों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कबरा हाथी को कब तक पकड़ा जा सकेगा और सरगुजा-सूरजपुर के ग्रामीणों को इस दहशत से कब राहत मिलेगी।