

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

teejan-bai-death-rumors-fact-check
रायपुर: छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्मविभूषण सम्मानित लोक कलाकार तीजनबाई के निधन की अफवाह रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई। इंटरनेट मीडिया के कई प्लेटफॉर्म्स पर उनकी तस्वीरों के साथ श्रद्धांजलि संदेश वायरल होने लगे, जिससे उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि शाम होते-होते व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया मंचों पर बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के लोगों ने तीजनबाई के निधन से जुड़ी पोस्ट साझा करनी शुरू कर दी। देखते ही देखते यह भ्रामक खबर देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक उनके चाहने वालों के बीच पहुंच गई। कई लोग एक-दूसरे को फोन कर इस खबर की सच्चाई जानने की कोशिश करते रहे।
मामला बढ़ने के बाद तीजनबाई के परिजन और करीबी सहयोगी सामने आए और इन खबरों का खंडन किया। परिवार की ओर से स्पष्ट किया गया कि तीजनबाई पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने निवास पर सुरक्षित हैं। उनकी नातिन ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर लोगों से कहा कि यह खबर पूरी तरह निराधार है और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें।
परिजनों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। उन्होंने कहा कि इस तरह की झूठी खबरें न केवल परिवार को मानसिक रूप से परेशान करती हैं बल्कि समाज में अनावश्यक भ्रम भी पैदा करती हैं। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट सूचनाओं के खतरे को उजागर कर दिया है।