

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

the-kerala-story-2-saathi-re-first-song-release
मुंबई। चर्चित फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ के सीक्वल ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज़ बियॉन्ड’ का पहला गाना ‘साथी रे’ रिलीज कर दिया गया है। इससे पहले फिल्म का टीज़र सामने आ चुका है, जिसने अपनी शार्प और इंटेंस टोन से दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी थी। अब गाना रिलीज होने के बाद फिल्म की भावनात्मक गहराई और भी साफ नजर आने लगी है।
नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर कामख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म तीन हिंदू लड़कियों की परेशान करने वाली कहानी को सामने लाती है। इन किरदारों को उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया निभा रही हैं। कहानी की शुरुआत प्यार से होती है, लेकिन तीन मुस्लिम लड़कों के साथ रिश्ते में आने के बाद इन लड़कियों की ज़िंदगी धीरे-धीरे अंधेरे में डूब जाती है। आगे चलकर यह कहानी धर्म परिवर्तन से जुड़ी एक खौफनाक साजिश की परतें खोलती है।
फिल्म का पहला गाना ‘साथी रे’ लड़की के मासूम प्यार, जज़्बातों, किसी के लिए अपनी पूरी दुनिया छोड़ देने और अंत में मिलने वाले धोखे व दर्द को बेहद संवेदनशील अंदाज़ में दिखाता है। गाने में तीनों मेल लीड्स की भी झलक मिलती है- उल्का गुप्ता के अपोज़िट सुमित गहलावत, ऐश्वर्या ओझा के साथ अर्जन औजला, और अदिति भाटिया के साथ युक्तम खोसला नजर आते हैं।
‘साथी रे’ को अपनी भावुक आवाज़ से सजाया है विशाल मिश्रा ने, इसके बोल लिखे हैं मनोज मुंतशिर ने और संगीत दिया है मन्नन शाह ने। गाना फिल्म की थीम को बरकरार रखते हुए दर्शकों को भावनात्मक रूप से झकझोरने में कामयाब रहता है।
फिल्म के टीज़र में गूंजता डायलॉग- “अब सहेंगे नहीं… लड़ेंगे!” फिल्म की आत्मा और तेवर को बखूबी बयां करता है। ‘द केरल स्टोरी’ के जबरदस्त प्रभाव के बाद, जिसने अपनी बेबाक कहानी से पूरे देश को झकझोर दिया था, इसका सीक्वल और भी आगे जाने का वादा करता है- कम्फर्ट ज़ोन से बाहर, खामोशी से परे और इनकार से आगे।
‘द केरल स्टोरी 2 – गोज़ बियॉन्ड’ को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है, जबकि आशिन ए शाह ने इसे सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले को-प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।