

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

tvisha sharma death case cbi investigation husband samarth singh pregnancy dispute
Tvisha Sharma death case: 'तीसरे शख्स' की एंट्री से गहराया रहस्य, CBI की पूछताछ में प्रेग्नेंसी और केमिकल नशे को लेकर चौंकाने वाले खुलासे
भोपाल: मॉडल एवं एक्टर त्विषा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बहुचर्चित मामले में एक बेहद चौंकाने वाला और नया मोड़ सामने आया है। मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को पता चला है कि पति-पत्नी के बीच एक तीसरे व्यक्ति का भी दखल था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, 'अमित' नामक व्यक्ति का इस दंपती की जिंदगी में सीधा हस्तक्षेप था, जिसके बाद अब सीबीआई की जांच पूरी तरह से इस नए एंगल पर केंद्रित हो गई है।
सीबीआई की पूछताछ के दौरान त्विषा की प्रेग्नेंसी (गर्भावस्था) को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, त्विषा की प्रेग्नेंसी को लेकर उसके पति समर्थ सिंह को गहरी शंका थी और उसने इस पर कई गंभीर सवाल भी उठाए थे। पूछताछ में आरोपी पति समर्थ सिंह ने दावा किया है कि वह हमेशा सुरक्षित संबंध बनाता था, इसलिए गर्भ में पल रहा बच्चा उसका नहीं हो सकता। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद लगातार बढ़ता चला गया था।
सीबीआई की जांच में एक और हैरान करने वाला तथ्य सामने आ रहा है कि पति-पत्नी दोनों 'केमिकल नशा' करने के आदी थे। नशीली दवाओं और केमिकल के अत्यधिक सेवन के कारण ही डॉक्टर ने उन्हें गर्भपात (Abortion) कराने का सुझाव दिया था। डॉक्टरों का मानना था कि केमिकल नशे के कारण गर्भस्थ शिशु पर बेहद गंभीर और खतरनाक दुष्प्रभाव पड़ने की पूरी आशंका थी। इस खुलासे के बाद अब सीबीआई की टीम त्विषा का उपचार करने वाले डॉक्टरों से भी जल्द ही पूछताछ करने की तैयारी में है।
जांच एजेंसी के अधिकारियों ने शनिवार को सीबीआई कार्यालय में इस मामले के मुख्य आरोपियों—त्विषा की सास व रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को आमने-सामने बिठाकर तथा अलग-अलग कमरों में रखकर लंबी पूछताछ की। शुरुआती दौर के प्रश्न पहले दिन की घटनाक्रम और परिस्थितियों से जुड़े रहे।
जब सीबीआई के अधिकारियों ने रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह से तीखा सवाल पूछा कि "आपने घटना के तुरंत बाद समर्थ को मौके से क्यों भगाया था?" तो उन्होंने जवाब दिया कि समर्थ उस वक्त अत्यधिक नशे में था, जिसके कारण वह बहुत डर गई थीं और इसी डर की वजह से उन्होंने समर्थ को वहाँ से जाने के लिए कह दिया था।
क्या था पूरा मामला?
बता दें कि बीती 12 मई को मॉडल व एक्ट्रेस त्विषा शर्मा का शव भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनकी ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। इस घटना के बाद त्विषा के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या और गंभीर मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है, जिसके बाद से मामले की उच्च स्तरीय जांच जारी है।