

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

twisha sharma bhopal case news in hindi
भोपाल : नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय द्विशा शर्मा की भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में हुई संदिग्ध मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज 6 महीने के भीतर द्विशा का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। अब इस मामले में मृतका के मोबाइल से मिले आखिरी मैसेजेस ने ससुराल वालों के दावों की पोल खोल कर रख दी है।
अपनी मां को भेजे आखिरी संदेशों में द्विशा ने जो दर्द बयां किया, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। उसने लिखा था— “समर्थ पूछ रहा है वो किसका बच्चा था जो अबॉर्ट किया, पागल हो जाऊंगी मम्मी।”
आखिरी चैट: “मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी”
पुलिस और परिजनों के सामने आए व्हाट्सएप मैसेजेस के मुताबिक, द्विशा अपने ससुराल में भयानक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से गुजर रही थी।
मौत से कुछ दिन पहले द्विशा ने अपनी मां को मैसेज भेजा "मुझे बहुत ज्यादा घुटन हो रही है मां।" एक अन्य मैसेज में द्विशा ने लिखा - “क्यों भेजा मुझे यहां पर। ये (पति समर्थ) यहां बात ही नहीं कर रहा है। भोपाल बुलाकर फिर से सब नाटक कर रहा है। मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी।”
7 मई को द्विशा ने आखिरी उम्मीद के साथ लिखा था— "मां आप मुझे यहां लेने आ जाओ कल प्लीज।" इसके ठीक 5 दिन बाद, 12 मई को उसका शव बरामद हुआ।
यह मामला बेहद हाई-प्रोफाइल होने के कारण लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। द्विशा के पति समर्थ सिंह पेशे से भोपाल के जाने-माने वकील हैं, जबकि उसकी सास गिरिबाला सिंह एक रिटायर्ड डिस्ट्रिक्ट जज हैं।
भोपाल पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दहेज हत्या (Dowry Death) और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है।
कल (18 मई 2026) को भोपाल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका (Anticipatory Bail) को खारिज कर दिया है, जबकि उसकी मां (रिटायर्ड जज) को पहले ही जमानत मिल चुकी है। पुलिस लगातार समर्थ की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
द्विशा के परिवार का आरोप है कि लोकल पुलिस और रसूखदार आरोपी परिवार के बीच साठगांठ है, जिसके कारण सबूतों के साथ छेड़छाड़ की आशंका है।
रविवार (17 मई) को द्विशा के परिजनों ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पीड़ित परिवार की मांग है कि द्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम दिल्ली AIIMS के डॉक्टरों की देखरेख में कराया जाए, ताकि मौत का असली सच (फांसी या हत्या) सामने आ सके।
परिजनों के अनुसार, द्विशा और समर्थ की मुलाकात साल 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। एक साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दिसंबर 2025 में दोनों ने धूमधाम से शादी की थी। शादी के बाद द्विशा भोपाल शिफ्ट हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि नौकरी छोड़ने के बाद से ही सास और पति उसे 'बोझ' और 'बेकार' कहकर ताने मारते थे और लगातार पैसों (दहेज) की मांग कर रहे थे।