

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vaishno devi travel rush mhow katra special train not started
इंदौर। गर्मी की छुट्टियों में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों को इस बार भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने इस वर्ष डॉ. अंबेडकर नगर (महू)-कटरा स्पेशल ट्रेन का संचालन अब तक शुरू नहीं किया है, जबकि पिछले कई वर्षों से हर साल इस सीजन में यह ट्रेन चलाई जाती रही है।
स्पेशल ट्रेन नहीं चलने से इंदौर और मालवा क्षेत्र से जम्मू-कटरा जाने वाले यात्रियों का दबाव नियमित ट्रेनों पर बढ़ गया है। सबसे अधिक असर मालवा एक्सप्रेस पर देखने को मिल रहा है, जिसमें इन दिनों यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है और कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
रेलवे के आरक्षण आंकड़ों के अनुसार 23 से 30 अप्रैल के बीच मालवा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में वेटिंग 50 के पार पहुंच चुकी है। कई तिथियों में स्लीपर क्लास में वेटिंग 55 तक दर्ज की गई है, जबकि एसी कोचों में भी लंबी प्रतीक्षा सूची बनी हुई है।
इंदौर से उत्तर भारत जाने वाली देहरादून एक्सप्रेस में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस ट्रेन में अधिकांश तिथियों पर ‘नो रूम’ और ‘रिग्रेट’ की स्थिति बन चुकी है। यात्रियों का कहना है कि तत्काल टिकट भी कुछ ही मिनटों में खत्म हो रहे हैं, जिससे यात्रा की योजना बनाना मुश्किल हो गया है।
ट्रैवल एजेंटों के अनुसार अप्रैल से जून के बीच वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हर साल सबसे ज्यादा रहती है, लेकिन इस बार बढ़ती मांग के बावजूद रेलवे ने अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से जल्द कटरा रूट पर स्पेशल ट्रेन शुरू करने या नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने की मांग की है, ताकि धार्मिक पर्यटन के पीक सीजन में राहत मिल सके।