

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Vishnu Deo Sai Kosmanara Visit
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के दो प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों का दौरा किया। उन्होंने ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ में गुरु दर्शन कर पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम से आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके बाद ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री ने अघोर गुरु पीठ में अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि गुरु भारतीय संस्कृति के ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के आधार हैं। गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों के सुखद, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद मुख्यमंत्री कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह धाम लोगों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को आत्मबल एवं मानसिक शांति प्रदान करती है।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।

इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।