

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

west bengal evm tape controversy repoll
पश्चिम बंगाल। राज्य में दूसरे और अंतिम चरण के तहत 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ, लेकिन इस बीच ईवीएम से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आने से सियासी माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आरोप लगाया कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम पर टेप लगाए गए हैं, जिससे बीजेपी उम्मीदवार का नाम छिप गया है।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने तुरंत कार्रवाई की है। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि जिन भी मतदान केंद्रों पर ईवीएम पर काला या सफेद टेप पाया गया है, वहां पुनर्मतदान कराया जाएगा।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यदि किसी विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आते हैं, तो पूरे क्षेत्र में ही दोबारा मतदान कराया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने पहले ही मतदान शुरू होने से पहले पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि ईवीएम पर सभी उम्मीदवारों के नाम स्पष्ट रूप से दिखाई दें और किसी भी बटन को टेप, गोंद या अन्य सामग्री से ढंका न हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया था कि मतों की गोपनीयता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, ईवीएम के साथ इस तरह की छेड़छाड़ एक गंभीर चुनावी अपराध की श्रेणी में आती है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो न केवल पुनर्मतदान कराया जाएगा, बल्कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।