

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में शनिवार से कांग्रेस के जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू होने जा रहा है। इस शिविर में पार्टी के सभी 41 जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग लेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की टीम रायपुर पहुंच चुकी है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शनिवार सुबह रायपुर पहुंचेंगे और प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को शिविर में शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी रविवार दोपहर करीब 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और शाम 5.30 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर रहेंगे। इसके बाद वे शाम 6.45 बजे नियमित विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन जिलाध्यक्षों के साथ मेल-मिलाप और परिचय का कार्यक्रम रखा गया है, जबकि नियमित प्रशिक्षण सत्र रविवार से शुरू होंगे।
एआईसीसी के प्रशिक्षण विभाग द्वारा जिलाध्यक्षों को संगठन की कार्यशैली, फील्ड विजिट, जनसंपर्क, सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों के संचालन सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और जिलाध्यक्षों को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करना है।