

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Prestige of BJP-Congress at stake in Nagar Panchayat elections
रायपुर। प्रदेश की पांच नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। इन चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और विधायकों की साख दांव पर लगी हुई है। चुनाव परिणाम दोनों दलों के जनाधार और संगठनात्मक ताकत का बड़ा संकेत माने जा रहे हैं।
पांच नगर पंचायतों में 19 प्रत्याशी आजमा रहे किस्मत
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रमुख मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है, जबकि कुछ क्षेत्रों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी समीकरणों को रोचक बना दिया है।
सहसपुर-लोहारा में त्रिकोणीय मुकाबला
बालोद जिले की सहसपुर-लोहारा नगर पंचायत में कांग्रेस के रोशन, भाजपा की सरिता मिश्रा और निर्दलीय प्रत्याशी अजय यादव के बीच मुकाबला है। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव प्रचार कर चुके हैं। यह क्षेत्र विजय शर्मा के विधानसभा क्षेत्र में आता है, इसलिए यहां का चुनाव उनकी प्रतिष्ठा से भी जुड़ा माना जा रहा है।
घुमका में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने
राजनांदगांव जिले की घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की फूलमती वर्मा और भाजपा की किरण वर्मा के बीच सीधा मुकाबला है। फूलमती वर्मा पहले सरपंच रह चुकी हैं। उनके समर्थन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस नेताओं ने व्यापक प्रचार अभियान चलाया है।वहीं एक अन्य नगर पंचायत में कांग्रेस के यानेश साहू और भाजपा के लखनलाल गुरूपंच के बीच चुनावी संघर्ष देखने को मिल रहा है। दोनों दलों ने यहां अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
दिग्गज नेताओं ने संभाला मोर्चा
कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज कई सभाएं कर चुके हैं। दूसरी ओर भाजपा की ओर से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव लगातार जनसभाओं और चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।जांजगीर-चांपा जिले की नवगठित बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा के रूपेश कुमार डड़सैना और कांग्रेस के रामलाल सहारे के बीच मुकाबला है। यहां कांग्रेस के प्रचार अभियान की कमान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने संभाली है।
भाजपा का जीत का दावा
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किए गए हैं। भाजपा जनता के भरोसे चुनाव लड़ती है और जिन नगर पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं, वहां जनता का रुझान स्पष्ट रूप से भाजपा के पक्ष में दिखाई दे रहा है। उन्होंने सभी पांचों नगर पंचायतों में भाजपा की जीत का दावा किया।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में निष्पक्ष चुनाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि महंगाई, बिजली, खाद और अन्य जनसमस्याओं को लेकर लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ी है, जिसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई देगा।
नतीजों पर टिकी राजनीतिक नजर
सहसपुर-लोहारा, घुमका, बम्हनीडीह, शिवनंदनपुर और पलारी नगर पंचायतों के चुनाव परिणामों पर पूरे प्रदेश की नजर टिकी हुई है। इन नतीजों को आगामी राजनीतिक समीकरणों और दोनों प्रमुख दलों की जमीनी पकड़ के महत्वपूर्ण संकेतक के रूप में देखा जा रहा है।