

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur-municipal-corporation-clash-16-proposals
बिलासपुर। स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में शुक्रवार को आयोजित नगर निगम की सामान्य सभा उस समय अखाड़ा बन गई, जब लिंगियाडीह विस्थापन के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। वार्ड क्रमांक 52 के पार्षद दिलीप पाटिल और वार्ड क्रमांक 55 के पार्षद जय वाधवानी के बीच तीखी बहस झूमा-झपटी में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख सभापति को लंच से पहले ही सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद कांग्रेसी पार्षदों ने सदन के बाहर धरना शुरू कर दिया।
सभा की शुरुआत में ही कांग्रेसी पार्षदों ने शहर में गहराते पेयजल संकट और कथित भेदभाव की राजनीति को लेकर मोर्चा खोल दिया। पार्षद अमित भारते और मोहन श्रीवास ने आरोप लगाया कि वार्डों में मोटर जलने के बाद महीनों तक मरम्मत नहीं होती और जनता को दो बाल्टी पानी भरने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ता है।

महापौर पूजा विधानी ने जवाब देते हुए कहा कि प्रशासन नियमानुसार काम कर रहा है और अमृत मिशन व टैंकरों के माध्यम से गर्मी से पहले पेयजल संकट से निपटने की तैयारी पूरी की जा रही है। उन्होंने विपक्ष पर राजनीति चमकाने का आरोप लगाया।
इसी दौरान लिंगियाडीह में मकान तोड़े जाने के मुद्दे पर दिलीप पाटिल और जय वाधवानी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई की स्थिति तक पहुंच गया। सत्ता और विपक्ष के पार्षदों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कांग्रेस पार्षद सदन छोड़कर बाहर धरने पर बैठ गए।
लंच के बाद भी विपक्षी पार्षद सदन में नहीं लौटे। इसे देखते हुए भाजपा पार्षदों ने 15 मुख्य और एक अतिरिक्त प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिए। नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप ने इसे “लोकतंत्र के अधिकारों का हनन” बताया।
दिलीप पाटिल को सदन में बोलने का अवसर न दिए जाने की खबर मिलते ही लिंगियाडीह के नागरिकों ने ऑडिटोरियम के बाहर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
हंगामे के बीच पारित प्रस्तावों में कई महत्वपूर्ण निर्णय शामिल रहे-
लालखदान ब्रिज का नाम बदलकर वीर नारायण सिंह सेतु रखा जाएगा।
शहर के एक प्रमुख चौक का नाम बिरसा मुंडा के नाम पर होगा और वहां उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
पं. मुन्नुलाल शुक्ल स्कूल के जर्जर होने के बाद शनिचरी पड़ाव स्कूल का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।
बृहस्पति बाजार के 1339.74 लाख रुपये की लागत से पुनर्विकास को मंजूरी दी गई। निर्माण अवधि में बाजार को सिम्स तिराहा से शनिचरी बाजार मार्ग पर अस्थायी रूप से शिफ्ट किया जाएगा।
जिला खनिज संस्थान न्यास मद से स्वीकृत इस परियोजना के लिए रायपुर के ठेकेदार दीपक पाण्डेय को 12.66 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि प्रशासन ने हमेशा गरीबों के हित में फैसले लिए हैं और विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है। वहीं नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप ने आरोप लगाया कि बहुमत के अहंकार में विपक्ष की आवाज दबाई गई और जनहित के मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दी गई।
सामान्य सभा में कुल 66 प्रश्न लॉटरी पद्धति से चयनित किए गए थे। विपक्ष की गैरमौजूदगी में प्रस्ताव पारित होने से राजनीतिक विवाद और गहरा गया है।